सरायकेला : टाटा रांची एनएच-33 पर एक महत्वपूर्ण मोड़ चौका मोड़ है. बड़ी संख्या में यहां से वाहन मुड़ते हैं. सामान्य और व्यवसायिक दोनों प्रकार के वाहन इस मोड़ का इस्तेमाल करते हैं. यही मोड़ आदित्यपुर इंडस्ट्रीयल एरिया-गम्हरिया और सरायकेला को चौका से जोड़ता है और जमशेदपुर जानेवाली गाड़ियां भी इस रास्ते का उपयोग करती हैं. अन्य ग्रामीण क्षेत्रों को भी यही मोड़ जोड़ता है. इतना महत्वपूर्ण चौराहा आज पूरी तरह अतिक्रमण का शिकार है. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
एनएच-33 की जब हालत खस्ताहाल थी तब उसकी वजह से लोग परेशान थे. अब एनएच-33 चकाचक है. सर्विस रोड, ओवरब्रिज के साथ एनएच-33 तैयार है लेकिन चौका मोड़ की स्थिति खराब होते जा रही है. चांडिल के सामाजिक कार्यकर्ता प्रह्लाद महतो लगातार ट्वीट के माध्यम से मुद्दे को उठा रहे हैं. उन्होंने कुछ तस्वीरें साझा की हैं कि जिसे देखकर समझा जा सकता है कि हालात कितने बदतर हैं. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
बड़ी-बड़ी गाड़ियां ओवरब्रिज से जब लंबा टर्न लेती हैं तो आजू-बाजू बड़ी संख्या में बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन की चपेट में आने का खतरा रहता है. इतने महत्वपूर्ण और व्यस्ततम चौराहे पर अवैध रुप से अतिक्रमण कर टेंपो स्टैंड बन जाने, अनगिनत ठेले-खोमचे और दुकानें सज जाने से बेवजह का जाम लगा रहता है और हर पल हादसों का खतरा रहता है. थोड़ी भी चूक हुई तो मोड़ते समय गाडियां दुर्घटना की शिकार हो सकती हैं. स्थानीय व्यवसाई उपेन गोराई कहते हैं कि प्रशासन का इधर ध्यान नहीं है. टेंपो के लिए कोई जगह निर्धारित होनी चाहिए.












