जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के कान्वाई चालकों के निर्धारित मेडिकल बिल के भुगतान को लेकर प्रस्तावित बुकिंग बंद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. शनिवार को टीटीसीए प्रबंधन के सीईओ और चालकों के यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई सकारात्मक वार्ता के बाद मेडिकल बिल के भुगतान के लिए तत्काल करीब पांच लाख रुपये उपलब्ध कराने पर सहमति बनी. इसके अलावा आगामी 10 से 15 दिनों में दो से तीन लाख रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन प्रबंधन की ओर से दिया गया. वार्ता के बाद यूनियन ने चालकों के हित में प्रबंधन द्वारा किए गए सहयोग का स्वागत करते हुए आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की. यूनियन के महामंत्री जय नारायण सिंह ने कहा कि चालकों को अधिक से अधिक मेडिकल बिल का भुगतान उपलब्ध कराने के लिए प्रबंधन की पहल सकारात्मक रही है. उन्होंने सभी चालकों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, कान्वाई चालक संघ के महामंत्री बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि वेतन बढ़ोतरी की राशि का भुगतान बैंक के माध्यम से किया जा चुका है. कुछ अतिरिक्त राशि का भी भुगतान किया जाना है, जिसकी स्लिप 5 सितंबर 2026 से मिलने की बात कही गयी है. उन्होंने चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि अब पीएफ से जुड़े मामले को भी प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा. इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर चालकों को उनका हक दिलाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने मेडिकल बिल भुगतान के लिए टीटीसीए प्रबंधन और ट्रांसपोर्टरों के सहयोग के प्रति आभार जताया.




