जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के फाइनल डिवीजन में काम करने वाले 42 वर्षीय कर्मचारी सतपाल सिंह की कंपनी की बस में ही मौत हो गयी. उनकी मौत तब हुई, जब वे टाटा मोटर्स के बस सेवा से कंपनी में बी शिफ्ट की ड्यूटी जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलमुरी दस नंबर बस्ती खालसा क्लब के पास रहने वाले 42 वर्षीय सतपाल सिंह बी शिफ्ट ड्यूटी पर जाने के लिए बस पर सवार हुए. (नीचे भी पढ़ें)
बस पर सवार होने के बाद वे साथी कर्मचारियों के साथ ड्यूटी जा रहे थे. बताया जाता है कि गोलमुरी क्लब के मोड़ के पास अचानक उनको दो बार जोरदार हिचकी आयी, जिसके बाद वे बेहोश हो गये. लोगों ने उनके ऊपर पानी डाला, उनके हार्ट को पंप किया, लेकिन उनको होश नहीं आया. इसके बाद बस से ही उनको तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक यह जांच कर रहे है कि आखिर उनकी कैसे मौत हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक कर्मचारी का भरा पूरा परिवार है. घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया. सारे लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. इस घटना को लेकर कंपनी के कर्मचारियों में दुख देखा जा रहा है.



