
जमशेदपुर : पिछले कुछ सालों से टाटा मोटर्स द्वारा सीएसआर के तहत संचालित सामुदायिक विकास केंद्रों को बंद किए जाने के विरोध में कंपनी के आसपास के इलाकों के लोगों ने टाटा मोटर्स के महाप्रबंधक के नाम एक ज्ञापन सौंप सामुदायिक विकास केंद्रों के पुनः शुरू किए जाने की मांग की है. इस संबंध में सामाजिक सेवा संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि उक्त केंद्रों से कंपनी परिसर के आसपास के गदड़ा, गोविंदपुर, खाकड़ीपाड़ा, टुपुड़ांग, राहड़गोड़ा, बारीगोड़ा, सरजामदा, सोपोडेरा, बामनगोड़ा आदि इलाकों की महिलाओं एवं युवतियों का सिलाई- कढ़ाई का प्रशिक्षण मिलता था. साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य का भी लाभ मिलता था, जो आज पूरी तरह से बंद हो चुका है. संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से उक्त केंद्रों को फिर से शुरू कराए जाने की मांग की गई है. इस दौरान काफी संख्या में स्थानीय बस्तीवासी मौजूद रहे.







