पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी स्थित सोमेन भोजनालय के बाहर तेज रफ्तार बाइक सोमवार को दोपहर एक टेम्पो से टकरा गयी. इस घटना में बाइक सवार 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टेम्पो में सवार चालक समेत दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं. इस घटना में टेम्पो एवं बाइक दोनों ही क्षतिग्रस्त हुआ है. घटनास्थल से पुलिस ने टेम्पो एवं बाइक को जब्त कर लिया है. घायलों में बाइक सवार धूसरा गांव निवासी पशुपति सिंह (19 वर्ष) व दुर्गा सिंह (20 वर्ष) एवं बारूडीह निवासी सुकुमार सिंह (19 वर्ष) शामिल हैं. स्थानीय लोगों की मदद से पटमदा के माचा स्थित सीएचसी अस्पताल में पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के पश्चात उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना सोमेन भोजनालय के बाहर सड़क पर खड़ी कार की वजह से हुई. (नीचे भी पढ़ें)
बामनी निवासी प्रत्यक्षदर्शी पंचानन सिंह ने बताया कि पुलिस का बोर्ड लगा एक कार जमशेदपुर से पटमदा की ओर जा रही थी, होटल के पास पहुंचते ही बाहर खड़ी एक कार को देखकर अचानक चालक ने ब्रेक मारा. उसके पीछे तेज रफ्तार से आ रही बाइक के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और विपरीत दिशा से आ रहे टेम्पो से टकरा गया. बाइक सवार तीनों युवक बीच सड़क पर गिरने से लहुलूहान हो गए. घटना के बाद जुटे दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस के बोर्ड वाली कार में ही तीनों युवक को अस्पताल भेज दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि सोमेन भोजनालय के संचालक द्वारा पार्किंग प्लेस की व्यवस्था नहीं किए जाने की वजह से भीड़भाड़ में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. सूचना पाकर पहुंचे झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से ही सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास से दूरभाष पर मामले में बात की. उन्होंने होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. कर्मकार ने कहा कि अगर सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया नहीं गया तो भविष्य में और भी दुर्घटनाएं होती रहेंगी और लोगों को असमय मौत का शिकार होना पड़ेगा.



