
जमशेदपुर : टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को माइकल जॉन गोल्ड मेडल अवार्ड से नवाजा गया है. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टाटा वर्कर्स यूनियन परिसर के माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनको यह अवार्ड दिया गया. करीब एक घंटे तक रहने के बाद टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन वापस मुंबई के लिए रवाना हो गये. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने संयुक्त रुप से इस अवार्ड को उनको सौंपा. यूनियन की ओर से दिया जाने वाला यह सबसे बड़ा अवार्ड है, जिसकी शुरुआत टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से वर्ष 1985 को की गयी थी.

इस मौके पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि जमशेदपुर से ही टाटा का वजूद बना है और जमशेदपुर हमेशा से टाटा समूह के रग-रग में रहा है और इस पहचान को कभी टाटा समूह मिटने नहीं देगा. इसके लिए जरूरी निवेश जारी है और आने वाले दिनों में सारी चुनौतियों को पार करने के बाद निश्चित तौर पर निवेश जारी रखा जायेगा. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने भी लोगों को संबोधित किया. कार्यक्रम में इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, महामंत्री सतीश सिंह, टाटा स्टील से जुड़े पूर्व प्रेसिडेंट आनंद सेन, तमाम वाइस प्रेसिडेंट, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह, पीएन सिंह, मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री बीके डिंडा से लेकर तमाम कमेटी मेंबर और पदाधिकारी मौजूद थे. इस दौरान टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने यूनियन परिसर में टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय वीजी गोपाल को श्रद्धांजलि भी अर्पित की. कार्यक्रम के दौरान सारे लोगों ने एन चंद्रशेखरन के कार्यों की सराहना की.
अब तक किसको कब मिला अवार्ड :
1985-जेआरडी टाटा, टाटा संस के पूर्व चेयरमैन
1986-जी रामानुजम, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, इंटक
1987-एलके झा, सांसद, पूर्व वित्त मंत्री, भारत सरकार
1988-डॉ पीपी नारायणनन, पूर्व अध्यक्ष, आइसीएफटीयू
1989-एसके जैन, पूर्व उपमहानिदेशक, आइएलओ
1990-सीएस धर्माधिकारी, सेवानिवृत जज, बांबे हाईकोर्ट
1991-डॉ वी कृष्णमूर्ति, पूर्व चेयरमैन, मारुति उद्योग लिमिटेड
1992-रुसी मोदी, पूर्व चेयरमैन सह एमडी टाटा स्टील
1993-आर वेंकटरमण, पूर्व राष्ट्रपति, भारत
1994-वीजी गोपाल, पूर्व अध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन (मरणोपरांत)
1995-रतन टाटा, पूर्व अध्यक्ष, टाटा संस
1996-गोपेश्वर, इंटक के राष्ट्रीय महासचिव
1997-पीए संगमा, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष
1998-डॉ जेजे इरानी, पूर्व एमडी, टाटा स्टील
1999-आरपी बिलमोरिया, चेयरमैन सह एमडी, बिलमोरिया कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड
2000-फादर इएच, मैकग्राथ, पूर्व निदेशक, ओड़िशा बालासोर मानव संसाधन सेंटर
2001-डॉ कर्ण सिंह, पूर्व सांसद
2002-डॉ एपीजे अब्दुल कलाम, पूर्व राष्ट्रपति
2003-बी मुथुरमण, पूर्व एमडी, टाटा स्टील
2007-ऑस्कर फर्नांडीस, केंद्रीय श्रम मंत्री, भारत सरकार
2009-एसके बेंजामिन, पूर्व अध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन
2010-एचएम नेरुरकर, पूर्व एमडी, टाटा स्टील
2011-श्रीप्रकाश जायसवाल, पूर्व कोयला मंत्री
2018-डॉ जी संजीवा रेड्डी, इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष



