
जमशेदपुर : टाटा स्टील परिसर के कोक प्लांट के एमइडी इलेक्ट्रिकल प्लांट में सोमवार की दोपहर करीब 12.30 बजे एक घटना घटी. इस घटना में टाटा स्टील की ठेका कंपनी मेसर्स एसपीएसआइ का रिगर पद पर कार्यरत कर्मचारी जोमी क्रिस्टोफर घायल हो गया. घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, जोमी क्रिस्टोफर एसपीएसआइ कंपनी के लिए कोक प्लांट के बैटरी नंबर 5, 6, 7 में लगे रोप एक्सेस में काम कर रहा था. इसी बीच एक अन्य ठेका कंपनी यूएइ कंपनी का डंपर कोक प्लांट के वर्किंग एरिया से होकर गुजर रहा था, जो हैंगिंग रोप (लटकता हुआ लोहे का रस्सी) से उलझ गया. उस रोप में पहले से ही जोमी क्रिस्टोफर काम कर रहे थे, जिसके झटके से वह 12 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आयी, जिसको तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के बारे में टाटा स्टील प्रवक्ता ने बताया कि घटना हुई है. कर्मचारी का इलाज चल रहा है. 24 घंटे के लिए अस्पताल में उनको रखा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और चिकित्सकों की टीम देखरेख कर रही है. घटना की जांच भी की जा रही है कि किस तरह यह घटना घटी है. कंपनी सेफ्टी को लेकर पूरी तरह तत्पर है.


