
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन ने अपने भूतपूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय अब्दुल बारी की याद में बनाये गये बारी मैदान को लेकर उठाये गये सवालों के बीच टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु का बयान आया है. श्री चौधरी ने कहा है कि स्वर्गीय अब्दुल बारी हम लोगों के आदर्श है और उनकी ख्याति दुनिया में है. उनसे टाटा समूह और टाटा स्टील का लंबा रिश्ता रहा है और टाटा वर्कर्स यूनियन के वे कद्दावर अध्यक्ष रहे है. ऐसे में उनके नाम पर बनाये गये मैदान को कभी भी हटाया नहीं जायेगा. पहले भी शिफ्टिंग की गयी थी और अभी भी शिफ्टिंग की जायेगी. बारी मैदान को साकची में न्यू गंडक रोड में ही रखा जायेगा. इसके अलावा कर्मचारियों के लिए जरूरी बारी क्लब हाऊस को पहले से ज्यादा अत्याधुनिक और ज्यादा एरिया में बनाया जा रहा है ताकि कर्मचारियों की जरूरतों को पूरा किया जा सके. श्री चौधरी ने कहा कि बारी मैदान के बगल में बारी मैदान बनेगा और बारी क्लब हाऊस को तीगुना बड़ा बनाया जा रहा है. इसमें किसी तरह का कोई शक की बात नहीं है. वे हमारा धरोहर है और उस ऐतिहासिक मैदान को बरकरार रखना हम लोगों का कर्तव्य है और इस कर्तव्य का निर्वहन में प्रबंधन भी यूनियन के साथ है. चूंकि, कंपनी का विस्तारीकरण का हिस्सा मैदान हो रहा था तो पहले उसको हटाकर दूसरी जगह बनाया गया जबकि फिर से उसकी जरूरत पड़ी तो कंपनी ने फिर से उसको हटाने का फैसला लिया और ज्यादा बेहतर तरीके से पूरे मैदान को बनाया जा रहा है और क्लब हाऊस को भी और पहले से बेहतर और बड़ा बनाया जा रहा है.





