
जमशेदपुर : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में बीते दो दिनों से कनकनी बढ़ने लगी है. सुबह की शुरुआत घने कोहरे से होती है. वहीं शाम होते ही शहर फिर से कोहरे से ढ़क जाता है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में पछुआ हवा चलने के कारण ठंड बढ़ गयी है. वहीं न्यूनतम पारा में और गिरावट होने की संभावना है. कोहरा के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लो विजिबिलिटी के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. पिछले एक सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान में 5.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है. पिछले सप्ताह छह दिसंबर को शहर का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. वहीं बीते मंगलवार को जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसे देखते हुए आवश्यकता है गर्म कपड़े पहने रहे और बच्चों पर विशेष ध्यान रखें. वहीं सुबह सैर करने निकलने वाले लोग घने कोहरे के बीच जमकर व्यायाम करते देखे गए. अगले 24 घंटे मौसम साफ रहने के साथ ही तापमान में गिरावट होने की संभावना है. (नीचे भी पढ़ें)
अगले पांच दिनों का पूर्वानुमान तापमान-
तिथि — न्यूनतम — अधिकतम
16 दिसंबर — 12.0 — 27.0
17 दिसंबर — 12.0 — 26.0
18 दिसंबर — 14.0 — 27.0
19 दिसंबर — 11.0 — 26.0
20 दिसंबर — 11.0 — 26.0 (नीचे भी पढ़ें)

दूसरी ओर कोहरा व धुंध के कारण आये दिन सड़कों पर दुर्घटनाएं हो रही हैं. इससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है. इसका एक उदाहरण बुधवार की सुबह टाटा-कांड्रा मार्ग पर देखने को मिला, जहां घने कोहरे के बीच पिंड्राबेड़ा के समीप अहले सुबह करीब 5:30 बजे एक खड़े ट्रक के पीछे एक विंगर टकरा गई. दुर्घटना के समय विंगर पर एक निजी कंपनी के कई कर्मचारी सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि वाहन की रफ्तार कम थी, इस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक विंगर सवार सभी लोग पैदल ही जा चुके थे और ट्रक का ड्राइवर मौके से नदारद था. पुलिस ने दोनों वाहनों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है.





