
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए अब नेपाल यानी नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक हॉलिडे होम (गेस्ट हाउस) बनाने का फैसला लिया जा रहा है. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू की पहल पर यह कदम उठाए जा रहे हैं. इसकी संभावनाओं को तलाशा जा रहा है. सोमवार को हुई कमिटी मीटिंग में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी दोनों ने इसकी पुष्टि की और बताया कि इसकी संभावनाओं को तलाशा जा रहा है. अब तक भारत में ही टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए गेस्ट हाउस हुआ करती थी लेकिन पहली बार विदेश में एक गेस्ट हाउस कर्मचारियों के लिए बन रहा है, जो सबसे बड़ी खुशी की बात है. टाटा स्टील के कर्मचारी और उनके परिवार के लोग सब्सिडी रेट पर जाकर वहां पर छुट्टियां मना सकेंगे. जिस तरह सारे कर्मचारी पुरी, हरिद्वार समेत अन्य जगहों पर गेस्ट हाउस में जाकर छुट्टियां मनाते हैं. मालूम हो कि, टाटा स्टील अपने कर्मचारियों को देश के छह स्थानों पर गेस्ट हाउस की सुविधा देती है. इसमें किराए का 60 फ़ीसदी प्रबंधन जबकि 40 फ़ीसदी कर्मचारी देते हैं. टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के ठहरने और छुट्टियों मनाने के लिए पुरी, गोवा, हरिद्वार,जमशेदपुर और गंगटोक में होलीडे होम की सुविधा दे रखी है.






