जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारी भी अब नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) के अधीन होंगे. बुधवार को टाटा स्टील के सीएचआरओ समेत तमाम एचआरएम से जुड़े अधिकारियों ने मामले को लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन के सारे 11 पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी सारी जानकारी साझा कर दी. इसमें बताया गया कि नेशनल पेंशन स्कीम का काफी लाभ है. इसमें यह भी बताया गया कि अगर कर्मचारी चाहेंगे तो उनके वेतन से इस स्कीम के हिस्से की राशि की कटौती की जायेगी. अगर नहीं चाहते है तो उनकी कोई कटौती नहीं होगी. यह सारे कटौती के अलावा अलग से कटौती होगी. यह भी बताया गया कि वेज रिवीजन समझौता के वक्त ही इसको भी लागू किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि 1 जनवरी 2025 से वेज रिवीजन समझौता लंबित है. समझौता के साथ ही टाटा स्टील के कर्मचारियों को एनपीएस में जोड़ने का प्रस्ताव दिया गया है. मैनेजमेंट ने बताया कि एनपीएस के तहत कर्मचारियों को प्रतिमाह 500 से 2000 रुपये तक का अंशदान करना होगा, जो वेतन से कटौती के रूप में लिया जायेगा. यूनियन के पदाधिकारियों के समक्ष इस स्कीम का प्रजेंटेशन देते हुए इसके लाभों की जानकारी दी. खासकर नये कर्मचारियों के लिए इसे लाभकारी बताया गया. यह भी स्पष्ट किया गया कि कर्मचारी चाहें तो इसे उच्च पेंशन योजना के साथ भी ले सकते हैं. इस योजना को अपनाना पूरी तरह कर्मचारियों की इच्छा पर निर्भर करेगा.




