
जमशेदपुर : टाटा स्टील के मेन गेट पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया. इसमें बतौर मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वीपी सेफ्टी, हेल्थ एंड सस्टेनेबिलिटी संजीव पॉल ने राष्ट्रीय ध्वज को फहराया और सलामी ली. इस मौके पर कोरोना के कारण ज्यादा भीड़ नहीं रखी गयी थी. डिजिटल तरीके से लोग उससे जरुर जुड़े हुए थे. उन्होंने अपने भाषण में कहा कि कंपनी कोरोना काल के दौरान भी उत्पादन करती रही थी. डिमांड और सप्लाइ में थोड़ी गिरावट आयी थी, लेकिन इसके बावजूद फ्रंटलाइन वर्कर लगातार कंपनी के लिए काम करते रहे थे, जिस कारण उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है. उन्होंने बताया कि टाटा स्टील हमेशा से चुनौतियों को अवसर में बदलने की चाहत के तहत ही काम करते रहे है. कंपनी चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ती रही है और आगे भी बढ़ेगी और समुदाय को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे.

इस दौरान उन्होंने टाटा समूह के संस्थापक स्वर्गीय जमशेदजी नसरवानजी टाटा, सर दोराबजी टाटा और जेआरडी टाटा को भी नमन किया और देश की आजादी के साथ ही औद्योगिक क्रांति लाने के लिए उनको नमन किया. उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के साथ ही उसका संवर्धन पर भी जोर देते हुए काम करने की जरूरत है. इस दिशा में हम लोग तेजी से आगे बढ़ रहे है और उसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आयेगा. इस मौके पर उन्होंने कहा कि टाटा स्टील और टाटा समूह की 60 कंपनियां मिलकर जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में साथ मिलकर काम कर रही है, जिसका सकारात्मक असर भी देखने को मिलेगा. आने वाली पीढ़ियों को विरासत में बेहतर समाज हम लोग छोड़ जायेंगे. इस मौके पर टाटा स्टील के वीपी सुधांशु पाठक, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे. इससे पूर्व वीपी संजीव पॉल ने परेड की सलामी भी ली.







