जमशेदपुर : टाटा स्टील के कलिंगानगर प्लांट में वेज रिवीजन में हो रही देरी का मुद्दा गर्माता नजर आ रहा है. मंगलवार को टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन एमडी ऑनलाइन में जब लोगों को संबोधित किया तो सवाल जवाब के सेशन के दौरान कलिंगानगर प्लांट के एचएसएम डिपार्टमेंट के कर्मचारी रुपेश कुमार चौधरी ने सवाल उठाया कि लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है. मोबाइल, स्कूल का फीस, खाने पीने की चीजें समेत तमाम चीजों की कीमतें बढ़ गयी है. इस कारण उनका वेतन जरूर बढ़ना चाहिए. इसका पेंडिंग होने के कारण वे लोग बच्चों की पढ़ाई भी बेहतर तरीके से नहीं करा पा रहे है. उन्होंने कहा कि जब वे लोग समय पर मेहनत करते है तो समय पर वेतन क्यों नहीं बढ़ोत्तरी हो रही है. सात माह से उनका वेतनमान नहीं बढ़ा है जबकि इसको अभी बढ़ जाना चाहिए था. इस पर एमडी ने चीफ पीपुल ऑफिसर (सीपीओ) अतरई सान्याल को कहा कि वे इस मुद्दे पर जवाब दे. अतरई सान्याल ने कहा कि वे लोग भी ग्रेड रिवीजन समझौता जल्द करना चाहते है. लेकिन वहां की यूनियन का कार्यकाल पूरा हो गया है.
यूनियन का चुनाव नहीं होने के कारण वे लोग वेज रिवीजन को लेकर बातचीत नहीं कर पा रहे है. जल्द ही चुनाव कराने की प्रक्रिया पूर्ण करायी जायेगी, जिसके बाद वार्ता होगी और जल्द से जल्द वेज रिवीजन समझौता किया जायेगा. इस दौरान सीपीओ ने कहा कि सरकार के कई सारे गाइडलाइन है, जिसका अनुपालन करते हुए यूनियन का चुनाव होना है. दूसरी ओर, उक्त कर्मचारी रुपेश चौधरी ने ही सुझाव दिया कि हर माह के पहले दिन को पर्यावरण के लिए समर्पित किया जाना चाहिए ताकि सारे कर्मचारी भी पौधरोपण और पर्यावरण को बचाने की पहल कर सकते है. इस पर वीपी इनवायरमेंट एंड सेफ्टी राजीव मंगल ने कहा कि वे जल्द ही उनसे खुद बात कर इस सुझाव को समझेंगे, जिसके बाद ही कोई फैसला लिया जायेगा.




