
जमशेदपुर : टाटा स्टील के वाइस चेयरमैन नोएल टाटा संस्थापक दिवस के समारोह में भाग लेने के बाद टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन के साथ सीधे जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टाटा वर्कर्स यूनियन गये. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने दोनों का स्वागत किया. इस मौके पर टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सान्याल भी मौजूद थे. इन सारे लोगों को किताब और मोमेंटो देकर स्वागत किया गया. इस दौरान अध्यक्ष ने बताया कि किस तरह यूनियन और प्रबंधन के साथ मिलकर काम हो रहा है और यूनियन के सौ साल का फिल्म भी दिखाया गया और यूनियन के इतिहास की भी जानकारी दी गयी. (नीचे भी पढ़ें)

इस मौके पर टाटा स्टील के वाइस चेयरमैन नोएल टाटा ने कहा कि वे भी इंडस्ट्रियल रिलेशन के परिवेश में बड़े हुए है. इस कारण यूनियन आकर उनको बहुत अच्छा लग रहा है. उन्होंने कहा कि उनके पिताजी भी करीब 50 साल तक भारत के तरफ से इंटरनेशनल लेबर आर्गेनाइजेशन (आइएलओ) में चुने गये थे. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन साथ मिलकर बेहतर काम कर रहे है. वे यहां आकर गोपाल हेरीटेज का भी भ्रमण किया और करीब से यूनियन के इतिहास को जाना. इस मौके पर वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, एचआरआइआर के चीफ जुबिन पालिया और सिक्यूरिटी चीफ अरविंद सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद थे. कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के सारे पदाधिकारी भी मौजूद थे.




