जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित ऑटो स्टैंड पर पार्किंग शुल्क में अचानक हुई वृद्धि को लेकर ऑटो चालक और मालिक परेशान हैं. पहले 18 रुपये शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब यह बढ़कर 36 रुपये कर दिया गया है, जो ऑटो चालकों के लिए अत्यधिक बोझ बन गया है. इस पर ऑटो चालकों ने पोटका विधायक संजीव सरदार से मुलाकात की और अपनी चिंता व्यक्त की. ऑटो मालिकों और चालकों ने विधायक से आग्रह किया कि यह शुल्क बहुत ज्यादा है और इसे तत्काल घटाया जाए. (नीचे भी पढ़े)

विधायक ने तत्काल इस मामले को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने टाटानगर स्टेशन में डीआरएम तरुण हुरिया, एरिया मैनेजर अभिषेक सिंघल और अन्य रेलवे अधिकारियों से इस मामले को लेकर बातचीत की. डीआरएम तरुण हुरिया ने इस मुद्दे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करेंगे, ताकि ऑटो चालकों पर बोझ न पड़े. विधायक ने अधिकारियों से यह भी कहा कि उन्हें टेम्पू चालकों के पार्किंग समेत अन्य जरूरतों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए.(नीचे भी पढ़े)

करनडीह रेलवे अंडर ओवरब्रिज के निर्माण में जल्द तेजी लाए
इस दौरान विधायक संजीव सरदार ने परसुडीह रेलवे अंडर ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर डीआरएम से जल्दी डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर जनता को ओवरब्रिज सौंपने की बात कही. विधायक ने यह भी कहा कि यह परियोजना लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि आम जनता को यातायात में सुविधा मिल सके.











