
जमशेदपुर : साल 2020 तो आम लोगों के लिए बुरा रहा ही इसके साथ भी साल 2020 का दिसंबर माह रेलवे के लिए भी बुरा साबित हो रहा है. टाटानगर स्टेशन के आस-पास बीते दस दिनों में कई बड़ी घटनाएं हो चुकी है. बुधवार को भी टाटानगर स्टेशन के प्लैटफार्म नंबर तीन में एक मालगाड़ी की कपलिंग टूट गई जिससे मालगाड़ी के 7 वैगन अलग हो गए. अलग हुए वैगन मालगाड़ी से 50 मीटर पीछे छूट गए. इधर कपलिंग टूटने से जोर की आवाज हुई. इसके बाद ही हूटर बजाया गया. हूटर की आवाज सुनते हुए टाटानगर स्टेशन में कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हालांकि कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया.

बताया जा रहा है कि मालगाड़ी में कोयला लदा हुआ था. मालगाड़ी राउरकेला की ओर जा रही थी. इसी बीच कपलिंग टूटने से मालगाड़ी का 7 वैगन अलग हो गया. टाटानगर रेलवे में घटनाओं का दौर रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है. पहले आदित्यपुर रेलवे क्रासिंग के पास मालगाड़ी बेपटरी हो गई थी जिससे बिजली के खांभे क्षतिग्रस्त हो गए थे. इस घटना में हावड़ा-मुंबई मेन लाइन भी ठप पड़ गई थी. इससे रेलवे को बड़ा नुकसान हुआ था. इसके ठीक बाद टाटानगर लोको क्रासिंग के पास भी सिमेंट से लदी मालगाड़ी के चार डिब्बे बेपटरी हो गए थे. इसके साथ ही लोको शेड में एक दुर्घटना में रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई थी.





