जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपी की पहचान कुंदन कुमार ओझा (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के भोजपुर जिले के बड़की ओझवलिया गांव का निवासी है.जांच में पता चला कि आरोपी ने सोमवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में दो यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे. (नीचे भी पढे)
घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान कर उसे धर दबोचा. तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए.गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है. इस पूरे अभियान का संचालन पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी की देखरेख में किया गया. कार्रवाई में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को दें. ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का माहौल उपलब्ध कराया जा सके.







