जमशेदपुर : बादामपहाड़ से टाटानगर आ रही पैसेंजर ट्रेन परसुडीह के मकदमपुर फाटक के समीप तकनीकी कारणों से घंटों तक खड़ी रही. ट्रेन के ऊपर लगे ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) तार में लाल रंग का एक बड़ा कपड़ा फंसा हुआ दिखाई देने पर लोको पायलट ने सतर्कता बरतते हुए झारखंड नगर के पास ही ट्रेन को रोक दिया और तुरंत रेलवे कंट्रोल को इसकी सूचना दी. लोको पायलट के अनुसार, यदि इस स्थिति में ट्रेन को आगे बढ़ाया जाता तो पैंटो (पैंटोग्राफ) गिरने की आशंका थी, जिससे न केवल ट्रेन पूरी तरह ठप हो सकती थी, बल्कि बड़ा तकनीकी नुकसान और दुर्घटना की संभावना भी बन जाती. समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से एक बड़े हादसे को टाल लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, ट्रेन के काफी देर तक एक ही स्थान पर खड़े रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. गर्मी और असुविधा से परेशान कई यात्री ट्रेन से उतर गए और पैदल ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए. बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ीं. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी शरारती तत्व या बच्चों द्वारा कपड़े को पत्थर से बांधकर ओएचई तार में फेंका गया होगा, जिससे वह बिजली के तार में फंस गया. सूचना मिलते ही रेलवे के संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर रवाना हो गए हैं. ओएचई से कपड़ा हटाने के बाद ही ट्रेन परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से संयम बनाए रखने की अपील की है और सुरक्षा को सर्वोपरि बताया है.















