
रांची/जमशेदपुर: केंद्रीय ग्रामीण विकास सचिव नागेन्द्र नाथ सिन्हा तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं. वे रविवार की शाम को ही रांची पहुंचे, इसके बाद रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को वे रांची से हेलिकाप्टर से घाटशिला पहुंचे. उनके साथ मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी, जेएसएलपीएस सचिव नैंसी सहाय सहित अन्य अधिकारी भी हैं. श्री सिन्हा कोल्हान में ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा ले रहे हैं. सबसे पहले वे जेएसएलपीएस द्वारा काशिदा ग्राम पंचायत के तामकपाल में संचालित लेमन ग्रास कल्टीवेशन का भ्रमण करेंगे. यहीं पीएम आवास (ग्रामीण) का निरीक्षण करने के अलावा मनरेगा अंतर्गत बकरी शेड निर्माण योजना, दीदी-बाड़ी योजना, बीज रोपण कार्यक्रम का भी निरीक्षण करेंगे.(नीचे भी पढ़े)
काशिदा में राइस प्रोसेसिंग यूनिट के अलावा श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन (एसपीएमआरएम) अंतर्गत तैयार किये गये स्पोर्टस एंड जिम सेंटर, मार्केट कॉम्पलेक्स, कोल्ड स्टोरेज, हेरिटेज विलेज, लिफ्ट इगिरेशन यूनिट और पॉली हाउस नर्सरी का भी निरीक्षण करने वाले हैं. जोहार परियोजना अंतर्गत मत्स्यपालन हेते बुरुडीह डैम में तैयार किये गये आरपीसी का भी मुआयना करेंगे. (नीचे भी पढ़े)
सीएलएफ बिल्डिंग (रूर्बन मिशन) में वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एनजीओ, एसएचदी प्रतिनिधियों संग बैठक कर आ रही चुनौतियों और दूसरे मसलों की भी जानकारी लेंगे. मंगलवार को एनएन सिन्हा ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड के सचिव और अन्य अधिकारियों संग ग्रामीण विकास कार्यक्रमों का हाल जानेंगे. समीक्षा के क्रम में मनरेगा, जोहार, जेएसएलपीएस सहित स्कीमों के अद्यतन स्थिति की जानकारी लेंगे. राज्य सरकार के तरफ से केंद्र से की जा रही अपेक्षाओं को भी उनके समक्ष रखा जायेगा.











