
जमशेदपुर : जमशेदपुर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े व जानेमाने मजदूर नेता नंदजी पांडे का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. रविवार की सुबह 6 बजे उन्होंने टीएमएच में अंतिम सांस ली. नंदजी पांडिय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले थे. जमशेदपुर में वे कदमा के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 3 में अपने परिवार के साथ रहते थे. उन्होंने टाटा स्टील में भी सेवा दी थी. उन्होंने हमेशा मजदूरों के हित में लड़ाई लड़ी. इस कारण उन्हें अपनी नौकरी तक छोड़नी पड़ी थी. फिर भी उन्होंने मजदूरों का साथ नहीं छोड़ा. वे अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं. नंदजी पांडेय के भतीजे रविंद्र नाथ पांडे उर्फ राजा पांडे ने बताया कि नंदजी पांडेय साम्यवादी विचारधारा से जुड़े एक स्वच्छ व ईमानदार छवि के व्यक्ति थे. समाज के हरवर्ग के लोगों के प्रति उनमें आदर व सम्मान का भाव था. दूसरों की मदद की भावना उनमें हमेशा से रही. उनके निधन से मजदूर वर्ग मर्माहत है. वहीं भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व उनके शोक संतप्त परिवार को सहनशक्ति प्रदान करने की कामना की है.












