
जमशेदपुर : शुक्रवार को जमशेदपुर, रांची समेत पूरे झारखंड में हल्के बादल छाएं रहेंगे. कुल मिला कर धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी. गुरुवार को जमशेदपुर समेत राज्य के कई जिलों में बारिश के कारण उमस से थोड़ी राहत रही. हालांकि जमशेदपुर, राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में उमस भरी गर्मी का समना करना पड़ा है. शाम होते ही तेज आंधी के साथ हुई बारिश से लोगों को राहत मिली. वहीं जमशेदपुर में गुरुवार का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा. गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि राज्य में मानसून की स्थिति कमजोर पड़ गई है. मानसून कमजोर होने के कारण जुलाई में कम बारिश की संभावना है. वहीं मौसम का रुख 10 जुलाई के बाद बदल सकता है और शहर में बारिश हो सकती है. 11-12 जुलाई को उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. 24 घंटे में यह गहरा हो जाएगा. इससे झारखंड समेत कई तटीय राज्य में बारिश होने की संभावना है. वहीं जमशेदपुर समेत राजधानी रांची में इस हफ्ते मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.











