
चाईबासा: चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित गोइलकेरा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को नागरिक एकता मंच के आह्वान पर लोगों ने रेल चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे हैं। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और लोग गोइलकेरा स्टेशन पहुंच गए सुबह 8.45 बजे रेलवे स्टेशन पर अनिश्चितकालीन रेल चक्का जाम शुरू कर दिया। (नीचे भी पढ़ें)

एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर नागरिक एकता मंच का कहना है कि कोरोना काल के बाद रेलवे की मनमानी के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है। गोइलकेरा में पहले जो एक्सप्रेस ट्रेनें रुकती थीं उसका ठहराव हटा दिया गया है। इससे इलाके के हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती ये आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों के आंदोलन से हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे के डीसीएम आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए गोइलकेरा पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनसे वार्ता करने से इनकार कर दिया। (नीचे भी पढ़ें)

लोगों का कहना था कि डीआरएम या उनके समकक्ष अधिकारी से ही बातचीत की जाएगी। रेलवे स्टेशन में आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रेल सुरक्षा बल के साथ ही गोइलकेरा थाने के पुलिसकर्मियों को स्टेशन में तैनात किया गया था। गोइलकेरा के बीडीओ सुधीर प्रकाश, स्थानीय थाना पुलिस और रेलवे के अधिकारी आदि मौके पर मौजूद थे। ग्रामीणों का आंदोलन करीब छह घंटे तक चला। इस दौरान इस मार्ग पर रेल यातायात बाधित रहा. छह घंटे के दौरान छह दौर की वार्ता के बाद ग्रामीणों का आंदोलन समाप्त हुआ. उसके बाद इस मार्ग पर रेल यातायात सामान्य हुआ.














