रामगोपाल जेना चाईबासा/चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. चक्रधरपुर में जिले के दूसरे सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन जिला उपायुक्त चंदन कुमार द्वारा किया गया.जिले में पहले से एक सखी वन स्टॉप सेंटर चाईबासा में संचालित है. दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाली पीड़ित महिलाओं तक त्वरित सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से चक्रधरपुर में इस नए सेंटर की स्थापना की गई है. इस सेंटर के माध्यम से हिंसा या मानसिक प्रताड़ना की शिकार महिलाओं को एक ही स्थान पर कई प्रकार की सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी. इनमें कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा, मनोसामाजिक परामर्श, पुलिस सहायता, आकस्मिक मदद तथा पांच दिनों तक अस्थायी आश्रय शामिल हैं.(नीचे भी पढ़े)

सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण केंद्रीय योजना है, जिसका उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को त्वरित और समग्र सहायता प्रदान करना है. इस योजना के तहत घरेलू हिंसा, मारपीट, एसिड अटैक, यौन शोषण, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, बलात्कार, महिला तस्करी, साइबर अपराध, गुमशुदगी या अपहरण जैसी घटनाओं से पीड़ित महिलाएं सहायता प्राप्त कर सकती हैं.
महिलाओं की सहायता के लिए 24×7 टोल फ्री सेवाएं भी उपलब्ध हैं. जरूरतमंद महिला महिला हेल्पलाइन 181 एवं चाइल्डलाइन 1098 पर संपर्क कर सकती हैं.इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी पोड़ाहाट (चक्रधरपुर), जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी तथा सखी वन स्टॉप सेंटर चक्रधरपुर के कर्मचारी एवं सेविकाएं उपस्थित रहे.



