
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अरवा राजकमल ने गुरुवार को जिले के खूंटपानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक पृथक भवन को कोविड केयर सेंटर के रूप में तब्दील करने के उद्देश्य से परिसर का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में जिले में चाईबासा के पाताहातु स्थित डीटीआई सेंटर कोविड केयर सेंटर के रूप में तैयार है तथा भविष्य में अगर वायरस संक्रमित की संख्या में बढ़ोत्तरी होती है तो वैसे व्यक्ति जिनमें संक्रमण का कोई भी लक्षण मौजूद नहीं रहेगा उनका इलाज कोविड केयर सेंटर में रखकर किया जाना है। इसी के तहत दूसरे कोविड केयर सेंटर के रूप में सीएचसी के कुछ हिस्सों का प्रयोग किया जाएगा।
उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि *जिला प्रशासन इस बात का विशेष ध्यान रख रहा है कि उस क्षेत्र के ग्रामीण जनता को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने में कोई परेशानी ना हो, इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नजदीकी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर जहां पूर्व से ही L1 फैसिलिटी उपलब्ध है, उस केंद्र पर गर्भवती महिलाओं के इलाज हेतु समुचित व्यवस्था प्रशासन के द्वारा की जाऐगी। उन्होंने बताया कि *उक्त सीएचसी में भी चिकित्सक की उपस्थिति में अति आवश्यक सेवा प्रारंभ रहेगी जिसका प्रवेश और निकास द्वार की व्यवस्था अलग से रखा जाएगा ताकि उस क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को कोई अन्य अति आवश्यक चिकित्सा सेवा की आवश्यकता हो तो उन्हें तत्काल सेवा उपलब्ध हो।
उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि कोरोना के खिलाफ़ जारी जंग में जिला प्रशासन को स्थानीय विधायक से प्राप्त सहयोग के तहत् उप विकास आयुक्त एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों की देखरेख में उक्त सीएचसी केंद्र पर अच्छे आधारभूत संरचना का निर्माण करते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्धता सहित 50 आधुनिक बेड की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने बताया कि यदि हमलोग पूर्व से ही 400 से 500 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था रखेंगे तो अगर भविष्य में कभी कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या ज्यादा हो जाती है तब विशेषकर जिनको स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या नहीं है या संक्रमण का कोई भी लक्षण मौजूद नहीं है तो ऐसे व्यक्तियों को हम लोग कोविड केयर सेंटर में रखकर इलाज कर सकते हैं। किसी भी गंभीर परिस्थिति या आईसीयू की आवश्यकता या ऑक्सीजन/वेंटिलेटर की जरूरत होगी तो वैसे व्यक्तियों को कोविड-19 समर्पित रेलवे अस्पताल चक्रधरपुर में इलाज के लिए भर्ती किया जाएगा। खूंटपानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिला उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ओम प्रकाश गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ साहिर पॉल, सर्विलांस पदाधिकारी डॉ संजय कुजूर सहित प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।







