नोवामुंडी: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी वन क्षेत्र अंतर्गत लेपांग गांव में बुधवार की देर रात करीब 40 से 45 हाथियों का झुंड पहुंच गया. झुंड में लगभग 10 छोटे हाथी भी शामिल थे. ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार की सुबह सभी को सुरक्षित जंगल की ओर भेजा. हालांकि वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है.वन विभाग के कर्मचारी मशाल जलाकर हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने में जुटे रहे. रात के अंधेरे और बारिश के कारण अभियान में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. अगले दिन गुरुवार की सुबह हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया. 45 हाथियों के झुंड में करीब 10 नन्हे बच्चे भी थे. (नीचे भी पढ़े)
बच्चों की सुरक्षा को लेकर हाथियों के आक्रामक होने की आशंका रहती है. ऐसे में वन विभाग ने विशेष सावधानी बरती. वन विभाग ने लेपांग गांव और आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों को हाथियों के सामने नहीं जाने, झुंड के करीब नहीं पहुंचने और उन्हें घेरने या भगाने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है. साथ ही हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग के कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.












