रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब एलआइसी भवन के सामने स्थित साड़ी की दुकान (बनारसी प्लेस) में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गयी. आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि कुछ देर में ही आसपास के मकानों पर खतरा मंडराने लगा. इस अग्निकांड में साड़ी की दुकान को भारी नुकसान हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी. साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव और सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश जेना को भी मामले से अवगत कराया गया. बताया जा रहा है कि आग लगने के समय सन्नी उरांव किसी कार्य से थाना गए हुए थे. सूचना मिलते ही वे अग्निशमन वाहन के साथ सीधे घटनास्थल पर पहुंचे. अग्निशमन कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और आसपास के निवासियों ने भी आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया. इस दौरान साड़ी की दुकान में लाखों का नुकसान हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर पूर्व वार्ड पार्षद बिनय बर्मन, सामाजिक कार्यकर्ता एंथोनी, बापी दत्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अग्निशमन वाहन कुछ देर से पहुंचता, तो आग आसपास के रिहायशी इलाकों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी. समय पर कार्रवाई और सामूहिक सहयोग से एक बड़ी दुर्घटना टल गयी.















