रामगोपाल जेना/चाईबासा : स्थानीय डीसी ऑफिस के सामने टाटा कॉलेज गेट के पास झारखंड पुनरुत्थान अभियान के जिला संयोजक अमृत माझी की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक हुई. बैठक में झारखंड पुनरुत्थान अभियान के मुख्य संयोजक सन्नी सिंकू ने सामाजिक संगठन एवं सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से आगामी मंगलवार, 25 मार्च को चाईबासा शहीद पार्क पहुंच कर “हो” वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है. जिन 50 “हो” वीरों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा करते हुए 25 मार्च 1820 को सर्वोच्च बलिदान दिया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि हो विद्रोहियों की ओर से 1820 से लेकर 1837 तक लगातार अंग्रेजों के खिलाफ बगावत जारी रही, जिसके परिणाम स्वरूप विलकिन्सन रूल बना, जिसके तहत कोल्हान में आज भी मानकी-मुंडा प्रथा विद्यमान है. 25 मार्च 2025 को शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जल,जंगल, जमीन की रक्षा के लिए शहीद पार्क से पदयात्रा करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त महोदय को मांग पत्र सौंपा जाएगा. बैठक में आनंदपुर प्रखंड संयोजक एल्विन एक्का, मनोहरपुर प्रखंड संयोजक विशाल गुड़िया, भुंडा मुर्मू, दिकू हांसदा एवं अन्य उपस्थित रहे.



