रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा में टाटा कॉलेज और कोल्हान विश्वविद्यालय के समग्र विकास की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं का धरना आज दूसरे दिन भी जारी रहा. सुबह सभी छात्र-छात्राएं टाटा कॉलेज परिसर में एकत्र हुए, जहां से वे रैली के रूप में कुलपति के प्रशासनिक भवन पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए. वहीं कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने अन्य पदाधिकारियों के साथ वहां पहुंच कर छात्रों, छात्र नेताओं, पूर्ववर्ती छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता की. इस दौरान सभी ने एक स्वर में टाटा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य सुरेश चंद्र दास को पुनः टाटा कॉलेज या कोल्हान विश्वविद्यालय में लाने की मांग रखी. साथ ही, यह भी मांग की गई कि कॉलेज की जिम्मेदारी ऐसे स्थायी प्रोफेसर को दी जाए, जो लंबे समय तक पद पर बना रह सके. वर्तमान प्राचार्य डॉ अमर सिंह के सेवानिवृत्त होने में केवल 8 महीने शेष होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

लंबी चर्चा के बाद भी जब छात्र-छात्राएं अपनी मांगों पर अड़े रहे, तब कुलपति के चैंबर में विश्वविद्यालय अधिकारियों और छात्र नेताओं के बीच विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि 10 मई तक ट्रांसफर कमेटी की बैठक बुलाकर आवश्यक बदलाव पर निर्णय लिया जाएगा. इसके बाद छात्र नेता सुबोध महाकुड़ ने आगामी 10 मई तक आंदोलन को स्थगित करने एवं फिलहाल धरना खत्म करने की घोषणा की. (नीचे भी पढ़ें)

आज के धरना कार्यक्रम में एलुम्नाइ एसोसिएशन के सुशील पुर्ती, आदिवासी हो सेवानिवृत्त संगठन के चंद्रमोहन बिरुआ, झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकू, महासचिव अमृत माझी, जेएमएम जिला सचिव राहुल आदित्य, छात्र नेता कार्तिक महतो, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सह झामुमो छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष सनातन पिंगुआ, टाटा कॉलेज पूर्व सचिव पिपुन बारिक, झामुमो छात्र मोर्चा सचिव अनुज पुर्ती, शैली शैलेंद्र सिंकू, संयोजक प्रकाश पुर्ती, ईचा खरकई बांध विरोधी संघ से रेयांस सामड, नारायण सिंह पुर्ती, विशाल गुड़िया सहित दोनों छात्रावासों के अधिनायक और हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.














