रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में मंगलवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई. उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार एवं सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे. बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जेएसएलपीएस) आशियानी मड़की सहित जिले के सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला स्तरीय तकनीकी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे. समीक्षा के क्रम में उपायुक्त चंदन कुमार ने चाईबासा एवं चक्रधरपुर में स्वीकृत पलाश मार्ट की वर्तमान स्थिति, जिले के प्रत्येक गांव में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के क्रियान्वयन तथा डीएमएफटी के माध्यम से जेएसएलपीएस की स्वीकृत परियोजनाओं के संचालन एवं आर्थिक संयोजन से संबंधित प्रतिवेदनों की गहन समीक्षा की. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त ने जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों एवं जिला समाहरणालय में “पलाश दीदी कैफे” का अधिष्ठापन एवं नियमित संचालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही, जिले के विभिन्न आवासीय विद्यालय परिसरों की खाली भूमि पर सब्जी की नियमित खेती प्रारंभ करने तथा कुछ चयनित प्रखंडों में विविध मसाला फसलों की खेती के लिए प्रस्ताव तैयार कर उपयुक्त स्वयं सहायता समूहों का चयन करने का भी निर्देश भी उन्होंने दिया. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जेएसएलपीएस के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की आजीविका को सशक्त करना एवं उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में वर्तमान में कुल 75 सीएलएफ एवं 15,609 स्वयं सहायता समूह गठित हैं, जिनमें से 14,473 स्वयं सहायता समूहों को प्रथम किस्त का आर्थिक संयोजन उपलब्ध कराया जा चुका है. (नीचे भी पढ़ें)

इस पर उपायुक्त ने आर्थिक संयोजन प्राप्त सभी स्वयं सहायता समूहों द्वारा वर्तमान में संचालित आर्थिक गतिविधियों की विस्तृत सूची तैयार करने एवं साथ ही, प्रत्येक पंचायत में 20 से 25 स्वयं सहायता समूहों का चयन कर समूह आधारित आर्थिक गतिविधियों का निर्धारण करते हुए एक-एक समूह को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल करने का निर्देश भी दिया. उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक को आगामी 21 जनवरी तक उपर्युक्त दोनों बिंदुओं से संबंधित समेकित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.















