रामगोपाल जेना/ चाईबासा : ताम्बो खूंटकटी मैदान में कोल्हान ब्ह: रुमुल–2026 के आयोजन को लेकर आयोजन समिति की पहली बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी मार्च माह में प्रस्तावित कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया. बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, तिथि, स्थल व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रचार-प्रसार जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई. समिति के सदस्यों ने एकमत से कहा कि कोल्हान ब्ह: रुमुल आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान, एकता और परंपराओं का प्रतीक है, इसलिए इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही विभिन्न उप-समितियों के गठन पर भी विचार किया गया, ताकि प्रत्येक जिम्मेदारी का प्रभावी एवं समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित हो सके. स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता को आयोजन की सफलता की कुंजी बताते हुए उस पर विशेष बल दिया गया. बैठक के अंत में आयोजन समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से कोल्हान ब्ह: रुमुल–2026 का आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बनेगा तथा कोल्हान क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलेगी.



