चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव में 53 वर्षीय कुंडिया सिंकू की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की शाम कुंडिया सिंकु की बकरी कहीं चली गई थी. उसे खोजते-खोजते वह पड़ोस के एक घर तक पहुंचा, लेकिन बकरी वहां नहीं मिली. इसके बाद वह अपने घर लौट आया. शाम करीब सात बजे वह अपने घर पर मौजूद था. (नीचे भी पढ़े)
इसी दौरान गांव के कुशनु हेंब्रम, गणेश हेंब्रम और मंगल हेंब्रम लाठी-डंडों के साथ उसके घर पहुंचे और उसे बाहर निकालकर मारपीट करने लगे.मारपीट का कारण पूछने पर बताया कि कुंडिया सिंकु बकरी खोजने के बहाने उनके घर में घुसा और महिलाओं के साथ छेड़खानी की. इसके बाद तीनों ने कथित रूप से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को गांव के बाहर फेंक दिया गया. घटना की सूचना मिलने पर कुमारडुंगी पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया. पुलिस ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.मृतक के परिजनों का कहना है कि कुंडिया सिंकु केवल अपनी खोई हुई बकरी की तलाश में आरोपियों के घर गया था. उन्होंने छेड़खानी के आरोप को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.







