चाईबासा : चाईबासा में नगरपालिका चुनाव-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देशन में स्कॉट मध्य विद्यालय चाईबासा स्थित कक्ष में अधिसूचित पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया.इस सत्र में कुल 220 निर्वाचन कर्मियों ने भाग लिया. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान मतदान की प्रक्रिया को लेकर विशेष रूप से वैलेट पेपर के माध्यम से मतदान, मतदान दिवस की संपूर्ण कार्यप्रणाली और चुनाव से जुड़े सभी फॉर्म व कागजात कैसे सही तरीके से भरकर सुरक्षित रखने हैं, इसकी पूरी जानकारी दी गयी.मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक सह प्रभारी पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनरों ने मतदान कर्मियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया. प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों को प्रपत्रों की सही तरीके से भराई, आदर्श आचार संहिता के पालन तथा मतदान केंद्र पर बेहतर तालमेल बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई.







