
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी जंगल में नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया. नक्सलियों ने सर्च ऑपरेशन के लिए निकले सुरक्षा बलों को आईईडी ब्लास्ट से उड़ा दिया है. जिसमे तीन जवान शहीद हो गए और दो जवानों के घायल होने की सूचना है. घायलों को हेलिकॉप्टर की मदद से रांची लाया गया. रांची के मेडिका में घायलों को इलाज चल रहा है. जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र स्थित लांजी जंगल में गश्त कर रहे जवानों को क्षति पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने गुरुवार की सुबह आईईडी ब्लास्ट कर दिया. विस्फोट की चपेट में आने से झारखंड जगुआर के तीन जवान शहीद हो गए जबकि दो जवान जख्मी हो गए. घायलों को हेलिकॉप्टर की मदद से रांची भेजा गया है.

नक्सलियों ने यह विस्फोट तब किया जब जिला पुलिस और सीआरपीएफ के जवान नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. घटना की पुष्टि डीजीपी नीरज सिन्हा ने की. उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद कोल्हान प्रमंडल के डीआइजी राजीव रंजन सिंह, एसपी अजय लिंडा समेत पुलिस के जवान घटनास्थल के लिये रवाना हो गए हैं. शहीद जवानों में देवेंद्र कुमार पंडित, हरद्वार शाह और किरण सुरीन शामिल है. देवेंद्र कुमार पंडित ।(गोड्डा), हरद्वार (पलामू) और किरण (सिमडेगा) के रहने वाले थे. जबकि घायलों में खूंटी के दीप टोपनो और लातेहार के निक्कू उरांव शामिल हैं.




