रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर स्थित ऐतिहासिक रानी तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर बड़ी पहल हुई है. चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने बताया कि रानी तालाब के सौंदर्यीकरण का डीपीआर तैयार कर लिया गया है तथा आगामी एक सप्ताह के अंदर इसके लिए निविदा निकाली जाएगी. उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक रानी तालाब शहर की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसके सौंदर्यीकरण के लिए स्थानीय विधायक सुखराम उरांव ने लगातार प्रयास किया है. विधायक ने कई बार विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया तथा मुख्यमंत्री से मिलकर भी इस परियोजना को जल्द स्वीकृति दिलाने की मांग रखी थी. लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि अब डीपीआर बनकर तैयार हो चुका है और कार्य जल्द धरातल पर दिखाई देगा. (नीचे भी पढ़ें)

नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि रानी तालाब के विकास एवं सौंदर्यीकरण से शहरवासियों को कई सुविधाएं मिलेंगी. तालाब क्षेत्र को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे यह शहर के लोगों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा. साथ ही, पर्यटन एवं स्थानीय व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.







