रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर से सोनुआ जाने वाले मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह करीब 7:30 बजे घटी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पैदल स्कूल जा रही शिक्षिका वंदना महतो की मौत हो गई. घटना शिशु मंदिर स्कूल के सामने की है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क के बायें किनारे चल रही शिक्षिका को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों और ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम

घटना से आक्रोशित परिजनों और निश्चिंतपुर के ग्रामीणों ने उचित मुआवजे और आश्रितों को नौकरी देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. मौके पर युवा आंदोलनकारी अमित महतो घटनास्थल पहुंचे और परिवार की मांगों को प्रशासन के सामने लिखित रूप से रखते हुए उक्त मांगें शीघ्र पूरी करने की मांग की. ग्रामीणों ने एक आवाज में कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे एनएच 320-डी फिर से जाम कर देंगे. स्थिति को संभालने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और सोनुआ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों के लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बनी लिखित सहमति में मृतका के आश्रितों को 15 दिनों के अंदर डीएमएफटी फंड से 15 दिन के भीतर 10 लाख रुपये का मुआवजा दिये जाने, बकाया मानदेय का भुगतान करने, मृतका के आश्रितों को वह जिस पद पर कार्यरत थीं, उसी विभाग या उसके समकक्ष पद पर सरकारी नौकरी मुहाया कराने, सड़क दुर्घटना में मृत्यु के उपरांत मिलने वाला न्यायसंगत सरकारी मुआवजा दिलाने में सहयोग करने, पश्चिम सिंहभूम जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गाड़ियों की रफ्तार नियंत्रित किये जाने एवं भारी मालवाहक वाहनों के संचालन के लिए लिखित आदेश जारी किये जाने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई किये जाने जैसी मांगों पर समझौता हुआ.







