जमशेदपुर : जमशेदपुर ग्रीन स्टील राउंड टेबल 224 (जेडीएसआरटी 224) के चेयरमैन विवेक नरेड़ी एवं जमशेदपुर ग्रीन स्टील लेडीज़ सर्किल 123 (जेडीएसएलसी 123) की चेयरपर्सन स्नेहा संधू के नेतृत्व में प्रतिष्ठित जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक भव्य बैडमिंटन टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से खिलाड़ियों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला. 250 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग एवं श्रेणियों में भाग लिया. प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-19, पुरुष एवं महिला एकल, पुरुष एवं महिला युगल, मिक्स्ड डबल्स तथा जंबो डबल्स जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. टूर्नामेंट का संचालन ईस्ट सिंहभूम बैडमिंटन एसोसिएशन (इएसबीए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नॉकआउट प्रारूप में माविस-350 शटल के साथ किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

राउंड टेबल इंडिया – नेतृत्व के साथ समाज सेवा
राउंड टेबल इंडिया देश के युवा उद्योगपतियों एवं पेशेवरों का एक अग्रणी सामाजिक संगठन है, जो “एडोप्ट • एडैप्ट • इंप्रुव” के आदर्श वाक्य पर कार्य करता है. (नीचे भी पढ़ें)
वर्ष 1962 में स्थापित यह संगठन आज देश के 140 से अधिक शहरों में 300 से अधिक टेबल्स के माध्यम से समाज सेवा कर रहा है. अब तक 11 मिलियन से अधिक लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित करते हुए ₹500 करोड़ से अधिक की सामाजिक परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी हैं. जेडीएसआरटी 224 एवं जेडीएसएलसी 123 जमशेदपुर के सबसे सक्रिय सामाजिक संगठनों में से एक हैं, जो समाज सेवा, युवा नेतृत्व, खेल एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
वर्तमान टैबलिंग वर्ष के दौरान संगठन द्वारा अनेक सफल कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सफल फंडरेज़िंग डांडिया नाइट, जिसने परिवारों एवं समाज को एक मंच पर जोड़ा. भव्य बैडमिंटन टूर्नामेंट, जिसके माध्यम से युवाओं में खेल भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया गया. शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं सामुदायिक विकास से जुड़े अनेक सेवा कार्य, जो राउंड टेबल इंडिया के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हैं. यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं था, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, स्वास्थ्य एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम भी बना. (नीचे भी पढ़ें)
समापन समारोह एवं सम्मान समारोह : समापन समारोह के मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट मोहनिश कुमार थे. वे खेलों के प्रति विशेष रुचि रखने वाले अधिकारी हैं तथा विभिन्न खेल आयोजनों को सदैव प्रोत्साहित करते रहे हैं. देश की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने के साथ-साथ उनका खेलों के प्रति समर्पण सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव प्रभाकर राव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने पूरे आयोजन में अपना मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया, जिसके लिए आयोजकों ने उनका विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया. साथ ही, टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक राजेश कुमार पटेल का भी विशेष सम्मान किया गया. उनके सहयोग के बिना इस भव्य आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करना संभव नहीं था. (नीचे भी पढ़ें)
विजेता खिलाड़ी
महिला एकल : अनुष्का कच्छप 4,000 रुपए
महिला युगल : जल्पा पारिख एवं जसलीन कौर 6,000 रुपए
पुरुष युगल (35+) : नजमुल एवं मुज़म्मिल 6,000 रुपए
पुरुष एकल : कीर्तन अग्रवाल 4,000 रुपए
पुरुष युगल (ओपन एज) : कीर्तन एवं अनीश 6,000 रुपए
मिक्स्ड डबल्स : अनाहिता एवं वकास 6,000 रुपए (नीचे भी पढ़ें)
इसके अतिरिक्त सेमीफाइनलिस्ट एवं अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी नकद पुरस्कार 53,000 रुपए नगद, ट्रॉफियां एवं आकर्षक उपहार प्रदान किए गए, जिससे यह प्रतियोगिता शहर के सबसे प्रतिष्ठित बैडमिंटन आयोजनों में शामिल हो गई.







