रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ, पश्चिमी सिंहभूम के बैनर तले चक्रधरपुर के नकटी डैम परिसर में वार्षिक मिलन सह शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. प्रदेश महासचिव अमीन अहमद के निर्देश पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अब्दुल मजीद खान ने की. समारोह में पूरे राज्य से आए उर्दू शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बना दिया. इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से आए कुल 20 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके लंबे, समर्पित और अनुकरणीय शिक्षकीय सेवा के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया. वहीं, 35 कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सामान्य सम्मान से नवाजा गया. सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर गर्व और आत्मसंतोष की झलक स्पष्ट दिखी. (नीचे भी पढ़ें)
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष अब्दुल मजीद खान ने कहा कि वर्ष में कम से कम एक बार इस प्रकार का मिलन समारोह आयोजित होना अत्यंत आवश्यक है. इससे न केवल आपसी भाईचारा और संवाद बढ़ता है, बल्कि संगठन भी और अधिक मजबूत होता है. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ राज्य का एकमात्र ऐसा संगठन है जो उर्दू विद्यालयों और उर्दू शिक्षकों के हितों की आवाज निरंतर बुलंद करता रहा है. संगठन के सतत प्रयासों के कारण ही शिक्षकों की अनेक पुरानी समस्याओं का समाधान संभव हो पाया है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि निकट भविष्य में बोकारो जिले में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जहां संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर ठोस निर्णय लिए जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
संघ के पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शमशेर आलम ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे राज्य से उर्दू शिक्षकों का पश्चिमी सिंहभूम जिले में एकत्र होना जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने बताया कि जिले में संगठन पूरी तरह सक्रिय है और शिक्षकों व उर्दू विद्यालयों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने मांग रखी कि उर्दू विद्यालयों के लिए अलग से पांच स्थानीय अवकाश स्वीकृत किए जाएं तथा उर्दू विषय के जानकार शिक्षक-शिक्षिकाओं का उर्दू विद्यालयों में ही पदस्थापन सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए संघ का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिला के उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक से मिलकर अपनी मांगें रखेगा. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह के दौरान जिन सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया, उनमें प्रमुख रूप से सरायकेला के साबिर अहमद के अलावा मकसूद जफर हादी (रांची), नाजिम अशरफ (रांची), निकहत परवीन (पश्चिमी सिंहभूम), तलत फातमा (रांची), गुलाम अहमद (सरायकेला), तहसीन रजा (पश्चिमी सिंहभूम), फिरोज अख्तर (पश्चिमी सिंहभूम), मो इक़बाल (पश्चिमी सिंहभूम), शहादत हुसैन (लोहरदगा), शहनाज़ अंजुम जरीना (पश्चिमी सिंहभूम), मो. नसीमुद्दीन (सरायकेला), हकीम खान (गुमला), मो आरिफ (पश्चिमी सिंहभूम), महफूजुर रहमान (पश्चिमी सिंहभूम), हाजी जमील अहमद अंसारी (पश्चिमी सिंहभूम), मो अफंजल (सरायकेला), हारून रशीद (सरायकेला) समेत कुल 20 शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे. इन सभी को प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मजीद खान, जिला अध्यक्ष शमशेर आलम, जिला सचिव अहमद जमाल, सरायकेला-खरसावां जिला सचिव रूबी तरन्नुम तथा अंजुमन इस्लामिया के सचिव बैरम खान ने सम्मान पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सभी को सम्मानित किया.















