रामगोपाल जेना/चाईबासा : राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा की ओर से गोइलकेरा प्रखंड परिसर में विधान से समाधान कार्यक्रम का आयोजन हुआ. महिलाओं के हित-रक्षण कानून से संबंधित यह विधिक जागरूकता शिविर प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ. इस अवसर पर प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मातृ-शक्ति न सिर्फ हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है, बल्कि अपनी सशक्त पहचान भी कायम कर रही है. महिलाओं के लिए विशेष रूप से संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी लोगों को जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उक्त नंबर पर अपनी किसी भी परेशानी या जानकारी के लिए डायल किया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने महिलाओं से जुड़े क़ानूनी प्रावधानों की भी आवश्यक जानकारी दी और प्राधिकार के द्वारा महिला हिंसा के विरुद्ध बनाए गए विभिन्न प्रावधानों के साथ ही कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की भी जानकारी दी. जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से नामित रिसोर्स परसन, एलएलडीसी के उप प्रमुख सुरेन्द्र प्रसाद दास ने महिलाओं से संबंधित कानूनों की विस्तार पूर्वक जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार ने कहा कि आज की महिलाएं स्वावलंबी होने की दिशा में अग्रसर हैं और सरकार की ओर से भी महिला कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने उपस्थित महिलाओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम में पीएलवी सहित पंचायत, जेंडर स्पेशलिस्ट, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, समूह सखी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य महिलाएं भी मौजूद रहीं.



