रामगोपाल जेना,मझगांव : झारखंड सरकार विकास योजना को लेकर तेजी से कम कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को जरूरत के हिसाब से मूलभूत सुविधा का लाभ मिल सके. यह बातें हाटगम्हरिया प्रखंड के ग्राम डुमरिया के कुलाबुरु लोहरहीसाईं चौक से लुंडुबासा तक पीसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास करते हुए मझगांव विधायक निरल पूर्ति ने कही. विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार सड़क,शिक्षा,रोजगार,पेयजल,पेंशन,छात्रवृत्ति समेत अन्य योजना का लाभ जरूरत मंदो तक पहुंचने का कार्य कर रही है. खासकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है. झारखंड बनने के 25 साल बाद भी हमारी सबसे बड़ी समस्या स्कूलों में शिक्षकों की कमी रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूसरे बार सत्ता में आने के बाद सबसे पहला काम विद्यालयों में छात्रों के अनुपात में शिक्षकों की नियुक्ति प्राथमिकता के साथ की जा रही है. जिले में डीएमएफटी फंड से जरूरत के हिसाब से अनुबंध के आधार पर शिक्षामित्र की बहाली की जाएगी, जबकि झारखंड सरकार की ओर से शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है. (नीचे भी पढ़े)

दोनों तरफ से शिक्षकों की नियुक्ति होने से छात्र अनुपात में विद्यालय में शिक्षक मौजूद रहेंगे, जिससे पढ़ाई बेहतर तरीके से हो सकेगी.विधायक ने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी की समस्या को दूर करने का प्रयास मिलकर किया जा रहा है. इसके अलावा जनसमस्या को देखते हुए सड़क, पुल पुलिया, पेयजल, आंगनवाड़ी भवन, पंचायत भवन, कला संस्कृति भवन आदि का निर्माण भी कराया जा रहा है. जिससे ग्रामीण क्षेत्र को विकास के साथ जोड़ा जा सके. जब तक हम बुनियादी चीजों को बेहतर नहीं करेंगे. विकास के रथ पर नहीं सवार हो सकते. इसी मकसद के साथ झारखंड सरकार के युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए विशेष ध्यान देकर काम कर रहे है. क्षेत्र के जनता भी अपनी समस्या को लेकर हमसे शिकायत कर सकते हैं. विभागीय शिकायत होगा तो उन्हें तत्काल विभाग से दूर करने का प्रयास किया जाएगा. जबकि सड़क, पेयजल आदि की समस्या होने पर उनको प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा. इससे पूर्व स्थानीय ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ा के साथ माननीय विधायक निरल पूर्ति का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया. इस मौके पर मानकी, मुंडा, पंचायत प्रतिनिधि, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता समेत अन्य मौजूद थे.




