चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा स्थित एसजे डीएवी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर सीआरपीएफ 174 बटालियन के जवानों के साथ राखी उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत तीन बार ओम ध्वनि एवं गायत्री मंत्र के साथ की गई. इसके पश्चात बच्चों द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया. विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा द्वारा डिप्टी कमांडेंट 174 बटालियन डीएन सिंह का शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया और जवानों का अभिनंदन किया गया. छात्रा आयुषी द्वारा फूलों का तारों का सबका कहना है…” शीर्षक गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई. संगीत शिक्षक ओसी दास द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया गया. छात्रा हर्षिता कुमारी ने राखी पर आधारित कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य ओपी मिश्रा ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए अत्यंत गौरव का दिन है. हमारे बीच देश के वे वीर सपूत मौजूद हैं जो दिन-रात हमारी सुरक्षा में लगे रहते हैं. रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का त्योहार नहीं है, बल्कि यह रक्षा के संकल्प का त्योहार है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आगे कहा कि सीआरपीएफ के जवानों के कारण ही आज पश्चिम सिंहभूम में बहुत हद तक नक्सल समस्या का समाधान हुआ है. इनके अथक प्रयास, त्याग और बलिदान से ही आज हमारा जिला शांति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. हमारे जवान सरहद पर रहकर देश की रक्षा करते हैं, ठीक वैसे ही जैसे एक भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है. आज हमारी बच्चियों ने इन जवानों को राखी बांधकर न केवल इस परंपरा को निभाया है, बल्कि यह संदेश भी दिया है कि पूरा देश इनके साथ एक परिवार की तरह खड़ा है. इस अवसर पर मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट डीएन सिंह ने अपने संबोधन में बच्चों के इस स्नेह के लिए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के सम्मान से जवानों का मनोबल और बढ़ता है. विद्यालय की छात्राओं ने बारी-बारी से जवानों की कलाई पर राखी बांधी, तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र की कामना की. कार्यक्रम के अंत में शिक्षक आरके द्विवेदी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. पूरे कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षिका सुधा सिंह एवं मनीषा सिन्हा द्वारा किया गया.




