
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों से अप्रैल महीने से पानी शुल्क के एवज में लिए जा रहे 125 रुपए के मामले में टाटा वर्कर्स यूनियन की चुप्पी पर कर्मचारियों ने सवाल उठाया है. कंपनी के कोक प्लांट के कमेटी मेंबर आरसी झा यूनियन अध्यक्ष को पत्र लिखा है. आरसी झा ने कहा है कि यूनियन के वाट्सएप ग्रुप में कई सदस्यों ने यह मामला उठाया तो उम्मीद था कि यूनियन नेतृत्व इस मुद्दे पर अपना स्पष्टीकरण देगा पर अफसोस ऐसा नहीं हुआ. श्री झा ने पत्र में आगे लिखा है कि वे करीब 25 वर्षों तक यूनियन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं इसलिए उन्हें यह भान है कि अगर तत्कालीन यूनियन नेतृत्व ने कोई समझौता किया है तो वह लागू होगा ही परन्तु इस बात पर आश्चर्य हुआ कि मजदूरों द्वारा बहुमत से निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों के द्वारा की गई जिज्ञासा का जबाब बहुमत से निर्वाचित किसी पदाधिकारी द्वारा नहीं दिया गया. इस मुद्दे पर यूनियन के एक कर्मचारी द्वारा जवाब दिया गया इसलिए अध्यक्ष से यह आग्रह किया है कि कार्यकारिणी सदस्यों के मान सम्मान को कायम रखने के लिए भविष्य में उचित कदम उठाएं.














