
जमशेदपुर : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना जांच के लिए मंगलवार को एक बार फिर नया गाइडलाइन जारी किया है. इस नए गाइडलाइन के अनुसार ही अब टाटा स्टील में कोरोना जांच होगा. इस संबंध में मंगलवार शाम कंपनी की ओर से गाइडलाइन जारी किया गया. गाइडलाइन के अनुसार अगर कोई मरीज कोरोना पॉजिटिव होने के बाद बिना लक्षण वाला है या फिर तीन दिनों तक बुखार रहा है और होम आइसोलेशन का समय पूरा कर लिया है तो वैसे मरीजों को अब जांच कराने की जरूरत नहीं है. इस संबंध में मंगलवार को कंपनी की वीपी एचआरएम अत्रेयी सरकार की ओर से एक सर्कुलर जारी किया गया है. सर्कुलर के अनुसार अगर कोई अधिकारी व कर्मचारी इंटर स्टेट ट्रैवल करता है तो वापस आने के साथ ही उसे होम आइसोलेशन में रहना है और पांचवें दिन निर्धारित केंद्र पर जांच कराने के बाद रिपोर्ट निगेटिव आने पर ड्यूटी ज्वाइन कर सकते हैं. अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी खुद के वाहन से 72 घंटे के अंदर में अंतरराज्यीय यात्रा से वापस आता है और 48 घंटे के अंदर का जांच रिपोर्ट निगेटिव होने पर सीधे ड्यूटी ज्वाइन कर सकते हैं. वहीं वैसे अधिकारी व कर्मचारी जो अंतरराज्यीय यात्रा से वापस आने के पहले व पांचवें दिन कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं और बिना लक्षण व हल्का लक्षण वाले हैं तथा डाक्टरी सलाह पर होम आइसोलेशन में रह रहे हैं. होम आइसोलेशन के 10 दिन के अवधि के दौरान पिछले तीन दिनों से बुखार नहीं आया है तो वैसे कर्मचारियों को दोबारा जांच कराने की जरूरत नहीं है. वे अपना ड्यूटी ज्वाइन कर सकते हैं. वहीं कंपनी परिसर में चलाए जा रहे जांच अभियान या किसी पॉजिटिव मरीज के संपर्क में वैसे अधिकारी व कर्मचारी जो पॉजिटिव पाए गए हैं वे भी अपना 10 दिनों का होम आइसोलेशन पूरा करने के बाद सीधे ड्यूटी ज्वाइन कर सकते हैं. बशर्ते ऐसे अधिकारी व कर्मचारी को पिछले तीन दिनों से बुखार नहीं आया हो.













