
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने सोमवार को एमडी ऑनलाइन में कर्मचारियों के सवालों का जवाब दिया. इस दौरान टाटा स्टील के एमडी ने एसएनटीआइ के सौ साल पूरे होने पर सबको बधाई दी. इस दौरान टाटा स्टील के एमडी ने टाटा स्टील के थाइलैंड प्लांट में हुई दुर्घटना में मारे गये 50 साल के ठेका कर्मचारी की मौत पर चिंता जतायी. इस दौरान सारे कर्मचारियों को क्वालिटी मंथ का संकल्प कराया गया. इस बार क्वालिटी मंथ का थीम है नेक्सड जेनरेशन जेन क्यू. इस दौरान कंपनी की डाटा प्राइवेसी पॉलिसी की भी जानकारी सारे कर्मचारियों को याद दिलाया गया. इस दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर आरआर शरण ने कहा कि कर्मचारियों की छुट्टियां लैप्स होने की स्थिति है. पिछली बार छुट्टियों को जिस तरह कैरी फारवर्ड कराया गया था, उसी तरह इस साल भी कोविड को देखते हुए कैरी फारवर्ड कराया जाना चाहिए ताकि कर्मचारियों की छुट्टी बच सके. इस पर वीपी एचआरएम अतरई सरकार ने कहा कि अगस्त में ही लोगों को छुट्टी पर जाने की इजाजत दे दी गयी थी. अभी भी समय है, कर्मचारी छुट्टी ले सकते है. इस पर श्री शरण ने कहा कि कोरोना के दौरान कई राज्यों में भी स्थिति सामान्य नहीं है, इस कारण लोग छुट्टी नहीं ले पा रहे है. इस पर एमडी ने मामले में हस्तक्षेप किया और कहा कि अभी देखा जायेगा कि क्या हो सकता है. टाटा स्टील के कर्मचारी ए टूएफ ब्लास्ट फर्नेस के सुनील सिंह ने बताया कि साकची के तमारिया रोड के क्वार्टर को खाली छोड़ दिया गया है, जिस कारण वहां काफी अपराध हो रहा है. इस पर एडमिनिस्ट्रेशन के हेड रितुराज ने कहा कि अभी तीन से छह माह में वहां सबकुछ दुरुस्त हो जायेगा. शेयर्ड सर्विसेज के सत्यप्रकाश ने एमडी से अपील की कि टाटा ने जो नियो लांच किया है, वह बेहतर है, लेकिन इसको कर्मचारियों और अधिकारियों के छुट्टियों से जोड़ा जा सकता है ताकि इससे बेहतर लाभ कर्मचारियों को हो सके और उनको प्वाइंट गेन किया जा सके. इस दौरान उन्होंने बिष्टुपुर के कंपनी गेट के सामने स्टेट बैंक के पास लगने वाले जाम का भी जिक्र किया. टाटा स्टील के ऑफिसर चैतन्य शर्मा आइटी विभाग में थे, जिनको कंपनी से हटा दिया गया है. चैतन्य शर्मा ने कहा कि 15 अक्टूबर से ही उनको टर्मिनेट कर दिया गया है, लेकिन एचआर के लोग उनको टर्मिनेशन लेटर नहीं दे रहे है. इस पर तंज कसते हुए उक्त पदाधिकारी ने कहा कि लचीला काम के स्थान को बताया जाता है, लेकिन यहां एक माह हो जा रहा है, एक टर्मिनेशन लेटर तक नहीं मिल रहा है. इस पर एमडी थोड़ा गुस्से में नजर आये, हालांकि, उन्होंने इस पर वीपी एचआरएम को कदम उठाने को कहा. निखिल सहदेव टाटा स्टील के आरएंडडी विभाग के थे, जिन्होंने बताया कि क्वार्टरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है. इस पर वीपी सीएस को कदम उठाने का निर्देश दिया गया.












