जमशेदपुर : जमशेदपुर के भाजपा नेता राम सिंह मुंडा पर मंगलवार की अहले सुबह अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया. बताया जाता है कि राम सिंह मुंडा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के जमशेदपुर स्थित घोड़ाबांधा स्थित आवास मिलने जा रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने उनकी बाइक रोकी और उन पर रॉड और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया. वह किसी तरह बच पाए लेकिन अपराधियों ने उनके बाएं हाथ की हड्डियों को तीन जगह से तोड़ दिया. इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्से पर भी हमला किया गया. बाइक में आए अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया. (नीचे पूरी खबर देखे)

बताया जाता है कि वह अपने घर सोपोडेरा से घोड़ाबांधा जा रहे थे कि रास्ते में ही यह हमला किया गया. राम सिंह मुंडा को इलाज के लिए जमशेदपुर के खासमहल स्थित सदर अस्पताल तत्काल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. राम सिंह मुंडा अभी भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी है. वे अर्जुन मुंडा के करीबी माने जाते हैं. इसके अलावा वे भाजपा के कई पदों को सुशोभित कर चुके हैं. राम सिंह मुंडा ने बताया कि यह एक राजनीतिक हमला है और उनकी किसी से निजी दुश्मनी नहीं है लेकिन इसके बावजूद अपराधियों ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया जिसका उनको अफसोस है. पुलिस को तत्काल ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. फिलहाल मामले की सूचना परसुडीह थाना को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




