
जमशेदपुरः पुलिस की कार्रवाई नहीं होने से चोरों का मनोबल इतना बढ़ गया की उन्होंने दोबारा से मंदिर में घुसकर चोरी की. मामला कदमा थाना क्षेत्र का है जहां शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 1 के शिव हनुमान मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया. घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब सुबह लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे. उन्होंने पाया की मंदिर से हनुमान जी की मूर्ति में लगी सोने की आंख को चुरा लिया गया है. जांच करने पर पाया गया कि चोरों ने माता की आंख को भी चुराया और मंदिर से दान पेटी से भी चोरी की. (नीचे भी पढ़ें व देखें वीडियो)
दान पेटी मंदिर के पीछे झाड़ियों में पाई गई. दान पेटी में लगभग 50 हजार रूपए थे. स्थानीय लोगों के अनुसार कुल एक लाख की चोरी का अनुमान है. लोगों ने बताया कि मंदिर में अक्सर छोटी मोटी चोरी होती रही है. पहले मंदिर में साज सज्जा के लिए लाइट लगाई गई थी उसके बाद मंदिर की घंटी चोरी हो गई थी. इस मामले को लेकर थाने में शिकायत भी की गई थी जिसके बाद पुलिस ने आश्वासन दिया था कि चोरी नहीं होगी, बावजूद इसके चोरी हो गई है.



