
जमशेदपुर : टाटा स्टील में लैंगिक समानता के चल रहे अभियान के तहत लगातार ट्रांसजेंडर (किन्नरों) की भी बहाली की जा रही है. इस कड़ी में जमशेदपुर में 15 ट्रांसजेंडरों को बहाल किया जा रहा है, जिसकी ट्रेनिंग सोमवार से टाटा स्टील द्वारा संचालित जमशेदपुर के एसएनटीआइ में शुरू हो गयी. इस नये बैच को कंपनी में बहाल कर लिया जायेगा, जिसकी योग्यता के अनुसार सबको ट्रेनिंग दी जा रही है. सोमवार को उनका पहला दिन था. इन 15 ट्रांसजेंडरों की ट्रेनिंग दी जायेगी, जिसके बाद उनको कंपनी के काम में लगाया जायेगा. जमशेदपुर में पहली बार टाटा स्टील ने यह बहाली की है. हालांकि, इससे पहले टाटा स्टील ने लैंगिक समानता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 12 ट्रांसजेंडर को कलिंगानगर में बतौर क्रेन ऑपरेटर बहाल किया था. एलजीबीटीक्यू प्लस समुदाय से जुड़े हुए लोगों को बहाल करने की दिशा में उससे पहले वेस्ट बोकारो डिवीजन में 15 लोगों को बहाल किया गया था, जो हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी संचालित करने के काम में लगाये गये थे. वैसे टाटा स्टील हाल ही में घोषणा कर चुकी है कि कुल वर्कफोर्स का 25 फीसदी हिस्सेदारी महिलाओं और ट्रांसजेंडरों का तय किया जाना है. 2025 तक इसका लक्ष्य है, जिस ओर कंपनी लगातार बढ़ रही है, जिस काम में टाटा स्टील लगातार आगे बढ़ रही है. टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सान्याल के नेतृत्व में पूरी टीम लगातार लैंगिक समानता की दिशा में काम कर रही है. सोमवार को टाटा स्टील के 15 ट्रांसजेंडरों की टीम की ट्रेनिंग जब शुरू हुई तो उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गयी और सबको कंपनी में ज्वाइनिंग करने के लिए शुभकामनाएं दी गयी. सबको शाबाशी दी गयी. इस दौरान वीपी एचआरएम अतरई सान्याल के अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे.











