
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारी पुत्रों, पुत्रियों, दामाद और बहु के लिए मैट्रिक पास स्तरीय बहाली परीक्षा का रिजल्ट इस सप्ताह निकल जायेगा. ज्यादा संभावना है कि शुक्रवार तक रिजल्ट निकल जाये. इसको लेकर तैयारी की जा रही है. आपको बता दें कि रविवार 6 मार्च को यह बहाली परीक्षा आयोजित की गयी थी. इसमें करीब 7800 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था. हालांकि, इस परीक्षा में दूसरे के नाम पर परीक्षा देने का मामला खुलासा हुआ था, जिसमें 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और 22 लोगों के खिलाफ एफआइआर दायर किया गया था. इस मामले के अलावा कई परीक्षा केंद्रों में फर्जी नोटिस चस्पा कर दिया गया था, जिसको लेकर परीक्षार्थियों में गफलत हुई थी. इसको लेकर भी विरोध हो रहा था. बताया जाता है कि कोई बाहरी एजेंसी के माध्यम से सारे प्रश्न पत्रों की जांच करायी गयी है. 16 परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षाएं आयोजित की गयी थी, जिसकी कॉपियों को सुरक्षित रखकर फिर से जांच करायी गयी. अब लगभग रिजल्ट बनाने का काम चल रहा है. यह उम्मीद की जा रही है कि इस सप्ताह के भीतर रिजल्ट आ जायेगा.




