
जमशेदपुर : टाटा स्टील के निबंधित कर्मचारी आश्रितों की बहाली को लेकर हुई 6 मार्च की परीक्षा मे चयनित सभी उम्मीदवारों के नियोजन के लिए टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के साथ समझौता हुआ. इसमें यह तय हुआ कि सभी चयनित उम्मीदवारों को उनकी शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता के आधार पर नियोजन किया जाएगा. ज्ञात हो कि पिछली बार जब निबंधित पुत्रों की बहाली हुई थी, तब सभी चयनित उम्मीदवारों को एनएस 1 ग्रेड में नियोजन किया गया था, चाहे किसी भी योग्यता का व्यक्ति क्यों नहीं हो, लेकिन इस बार सभी चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता के आधार पर उचित ग्रेड में बहाली की जाएगी. यानी जो योग्यता होगी, उसी योग्यता के अनुसार सारी बहालियां की जायेगी. नियोजन की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी. इस साल सबसे पहले 175 चयनित उम्मीदवारों का नियोजन किया जाएगा. दूसरे वर्ष 175 चयनित उम्मीदवारों का नियोजन किया जाएगा और तीसरे वर्ष 150 उम्मीदवारों का नियोजन होगा. नियोजन का आधार उम्मीदवारो की उम्र का आधार होगा यानी जो उम्र ज्यादा है, उसको पहली वरीयता के आधार पर बहाल किया जायेगा. चयनित उम्मीदवारों को अलग-अलग ट्रेनिंग दी जाएगी. जैसे सभी डिग्री और डिप्लोमाधारी को 1 साल का जूनियर इंजीनियर की ट्रेनिंग पास करने पर एनएस-7 ग्रेड में ज्वाइन कराया जाएगा. सभी आईटीआई और अप्रेंटिसशिप पास उम्मीदवारों को 1 साल की ट्रेनिंग पास करने पर एनएस 4 ग्रेड में ज्वाइन कराया जाएगा. वैसे उम्मीदवार जिनके पास कोई भी टेक्निकल डिग्री नहीं है, उन्हें बेसिक फाउंडेशन कोर्स और ऑनजॉब ट्रेनिंग पास करने पर एनएस 1 ग्रेड में ज्वाइन कराया जाएगा. गौरतलब है कि इस समझौते से सभी तकनीकी दक्ष उम्मीदवारो को लाभ होगा क्योकि यदि उनकी नियोक्ति एनएस 1 ग्रेड मे होती तब उन्हे एनएस 4 और एनएस 7 ग्रेड तक का सफर 5 से 10 सालों मे पूरा करना होता, लेकिन अब उन्हे ट्रेनिंग पास कर अपनी दक्षता के अनुरूप ग्रेड, नियुक्ति के समय ही मिल जायेगी. इस समझौता मे प्रबंधन की ओर से वीपी एचआरएम अतरई सान्याल, चीफ ग्रुप एचआर ज़ुबिन पालिया, चीफ आइआर एंड रिवार्ड राहुल दुबे और टाटा वर्कर्स यूनियन से अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह ने हस्ताक्षर किया.





