
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां के कांड्रा थाना अंतर्गत रतनपुर स्थित नीलांचल आयरन एंड पावर लिमिटेड कंपनी में बुधवार की मध्यरात्रि मे 8 से 10 की संख्या में अज्ञात चोर कंपनी प्रांगण के तीन नंबर गेट के बगल से अंदर घुसे और चोरी करने का प्रयास किया. कंपनी में कार्यरत सुरक्षाकर्मियों की नजर जब चोरों पर पड़ी तो चोरों ने बंदूक दिखाकर सुरक्षाकर्मियों को ललकारा. इस पर चोरों ने अपने बंदूक से गोली चला दी, जिससे एक सुरक्षाकर्मी जयनाथ पांडे को कंधे के नीचे गोली लगी एवं वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसीबीच सभी चोर वहां से पत्थरबाजी करते हुए भाग निकले. सहयोगी सुरक्षाकर्मी काली महतो एवं निपेन महतो जो कि उनके साथ थे उन्होंने गोली लगने के बाद अपनी जान बचाते हुए इसकी सूचना तत्काल कंपनी प्रबंधन एवं कांड्रा थाना को दी. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना प्रभारी अपने दल बल के साथ कंपनी परिसर में पहुंचे और तत्काल घायल सुरक्षाकर्मी को आनन-फानन में टाटा मैन हॉस्पिटल भेजा गया.जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. बताया जाता है कि गार्ड जय नाथ पांडे एस आई एस सिक्योरिटी एजेंसी में गनमैन के पोस्ट में कार्यरत है. उक्त गार्ड के साथ दो और गार्ड काली महतो और नितिन महतो नाइट में 3 नंबर गेट पर ड्यूटी में थे जहां उक्त घटना घटी है.







