जमशेदपुर : टाटा स्टील ने भारत सरकार के इस्पात उपक्रम नीलांचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआइएनएल) का पूरे तौर पर अधिग्रहण कर लिया है. टाटा स्टील की लांग प्रोडक्ट कंपनी के माध्यम से इसका अधिग्रहण किया गया है. टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी ने इसका विधिवत अधिग्रहण किया, जिसकी जानकारी बांबे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को टाटा स्टील ने दी है. इस दौरान डीआइपीएएम के सचिव तुहिन कांत पांडेय, संयुक्त सचिव प्रमा सेन, संयुक्त सचिव बिपुल बंसल समेत अन्य लोग उपस्थित थे. दी गयी जानकारी में बताया गया है कि टाटा स्टील 484375000 इक्वीटी शेयर को 10 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से टेकओवर कर रही है, जिसको लेकर 3100 करोड़ रुपये टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट लिमिटेड पेमेंट कर रही है. सारे शेयर को खरीद बिक्री करने के आधार पर नीलांचल इस्पात को टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट ने 12100 करोड़ रुपये पर अधिग्रहण की है और अब यह टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट की सब्सिडियरी कंपनी बन चुकी है. टाटा स्टील ने नीलांचल इस्पात निगम लिमिटेड द्वारा भारत सरकार और ओड़िशा सरकार की संयुक्त उपक्रम का टेकओवर किया है, जिसका प्लांट ओड़िशा में है, जिसका 90 मिलियन टन का आयरन ओर माइंस का रिजर्व मौजूद है. 2018-2019 में जहां इस कपनी का रेवेन्यू 2025 करोड़ था, वह घटकर 2019-2020 में 941 करोड़ हो गया था और बाद में 2020-2021 में इसका राजस्व घटकर 24 करोड़ रुपये हो गया था. 27 मार्च 1982 को स्थापित इस कंपनी के पास पिग आयरन समेत अन्य प्रोडक्ट तैयार करने की क्षमता है. भारत सरकार की यह उपक्रम कंपनी है. इस कंपनी का टेकओवर भारत सरकार के माध्यम से किये गये ऑक्सन के माध्यम से टाटा स्टील ने किया है.





